प्रतापपुर क्षेत्र के कोरंधा गांव के समीप सड़क पर डटा रहा हाथी, राहगीरों में मचा हड़कंप; वन विभाग और हाथी मित्र दल ने संभाला मोर्चा
*शशी रंजन सिंह*
*सूरजपुर(ट्रैक सी जी न्यूज जिला ब्यूरो):----* जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में जंगली हाथी की सड़क पर मौजूदगी ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दीं। बंशीपुर सर्किल अंतर्गत बंशीपुर गांव के झापी नाला के समीप अचानक एक जंगली हाथी सड़क पर आ गया। हाथी को सड़क पर विचरण करते देख वाहन चालकों ने एहतियातन अपने वाहनों को रोक दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथी काफी देर तक सड़क पर ही मौजूद रहा। इस दौरान राहगीर दूर से ही हाथी की गतिविधियों को देखते रहे। कुछ लोगों ने मोबाइल में हाथी का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। हाथी की मौजूदगी के चलते दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही थम गई। हालांकि, राहत की बात रही कि इस दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना सामने नहीं आई।
सूचना मिलते ही वन विभाग अलर्ट
जंगली हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल सक्रिय हो गया। मौके पर पहुंची टीम ने हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी और सुरक्षित तरीके से उसे आगे बढ़ाने के प्रयास किए। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई गई, ताकि हाथी की आवाजाही के दौरान ग्रामीणों और राहगीरों को किसी तरह का खतरा न हो।
वन विभाग ने दी सख्त हिदायत
वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों और वाहन चालकों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने की कोशिश बिल्कुल न करें। हाथी को देखकर शोर मचाने, पत्थर फेंकने या उसे परेशान करने से बचें। फोटो और वीडियो बनाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें। हाथी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें और मौके पर अनावश्यक भीड़ जमा न करें।
जिले के वन क्षेत्रों में हाथियों की लगातार आवाजाही के बीच यह घटना एक बार फिर मानव-हाथी संघर्ष की आशंका और सतर्कता की जरूरत को सामने लाती है। वन विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
