CG कोरिया "गणेश उत्सव को लेकर पटना थाने में शांति समिति की बैठक, विसर्जन और सुरक्षा व्यवस्था पर बनी रणनीति...थाना प्रभारी की अपील - समय रहते दिन में करें विसर्जन, नशे से रहें दूर...-
| 📍 Chhattisgarh | 🔴 LIVE TV | 📰 E-PAPER

CG कोरिया "गणेश उत्सव को लेकर पटना थाने में शांति समिति की बैठक, विसर्जन और सुरक्षा व्यवस्था पर बनी रणनीति...थाना प्रभारी की अपील - समय रहते दिन में करें विसर्जन, नशे से रहें दूर...-


संवाददाता > संतोष सिंह सूर्यवंशी (बैकुंठपुर/पटना, कोरिया)

गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पटना थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, नागरिकों एवं थाना स्टाफ की मौजूदगी में आगामी गणेश उत्सव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।


बैठक में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना, पूजा-अर्चना, भीड़ नियंत्रण, विसर्जन व्यवस्था, यातायात व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा हुई। पुलिस प्रशासन ने गणेश उत्सव के दौरान आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।





दिन में ही करें प्रतिमा विसर्जन

थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने क्षेत्रवासियों एवं गणेश उत्सव समितियों से अपील करते हुए कहा कि प्रतिमाओं का विसर्जन समय रहते दिन में ही किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को कम किया जा सके। उन्होंने उत्सव के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।


उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव आस्था और श्रद्धा का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण तरीके से मनाते हुए सभी लोग आपसी भाईचारा एवं सद्भाव बनाए रखें।


नशे से दूर रहने की अपील

थाना प्रभारी ने गणेश उत्सव के दौरान नशे से दूर रहने की विशेष अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब की बिक्री, सेवन और पिलाने के साथ-साथ ऐसे लोगों को सहयोग करने वालों के खिलाफ भी पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस ने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या नशे से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। उत्सव के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।


सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट

गणेश पूजा को देखते हुए पटना पुलिस पहले से ही एक्शन मोड में नजर आ रही है। प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और विसर्जन के दौरान आवश्यक पुलिस बल की तैनाती को लेकर भी चर्चा की गई।


बैठक में नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें।


थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने क्षेत्रवासियों को गणेश जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार को मिल-जुलकर शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।


बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में थाना प्रभारी प्रमोद पांडे, अनिल जायसवाल, संदीप दुबे, वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद सुरेंद्र देशमुख, पत्रकार संतोष सिंह सूर्यवंशी, सत्येंद्र तिवारी, संदीप साय सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं पटना थाना स्टाफ मौजूद रहा।

To Top