जर्जर शासकीय भवनों की जगह बने संयुक्त प्रशासनिक परिसर, बैकुण्ठपुर में राजीव गुप्ता ने विधायक-कलेक्टर को सौंपा सुझाव...
बैकुण्ठपुर। कोरिया जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर में वर्षों पुराने एवं जर्जर शासकीय भवनों में संचालित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय कार्यालयों के लिए सुविधायुक्त एवं स्थायी भवन उपलब्ध कराने की मांग उठी है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया के महामंत्री राजीव गुप्ता ने विधानसभा क्षेत्र बैकुण्ठपुर के विधायक एवं कलेक्टर को पत्र सौंपकर दीर्घकालिक योजना तैयार करने का सुझाव दिया है।
पत्र में कहा गया है कि वर्ष 1998 में कोरिया जिला बनने के बाद कई शासकीय कार्यालयों को उपलब्ध भवनों में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत संचालित किया गया था। लंबे समय बाद भी अनेक कार्यालय पुराने, जर्जर अथवा किराए के भवनों में संचालित हो रहे हैं। इससे कार्यालयीन कार्यों के साथ-साथ शासकीय दस्तावेजों के सुरक्षित रखरखाव और अधिकारी-कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण की आवश्यकता महसूस होती है।
कई महत्वपूर्ण कार्यालयों को स्थायी भवन की जरूरत
राजीव गुप्ता ने अपने पत्र में तहसील, एसडीएम, जिला रोजगार, जिला आयुर्वेद, जिला शिक्षा, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास परियोजना, जिला रेशम सहित आरईएस एवं सिंचाई विभाग के संभाग एवं उपसंभागीय कार्यालयों का उल्लेख करते हुए इनके लिए व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त भवन उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई है।
उन्होंने कहा कि इन कार्यालयों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिक, किसान एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सभी कार्यालयों को बेहतर सुविधाओं वाले स्थायी परिसरों में संचालित किए जाने से आम जनता को भी सुविधा मिल सकती है।
पुराने सिविल लाइन क्षेत्र में बहुमंजिला प्रशासनिक परिसर का सुझाव
पत्र में बैकुण्ठपुर के पुराने तहसील कार्यालय से लेकर पुराने एसपी कार्यालय, एसडीएम कार्यालय एवं खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय क्षेत्र में उपलब्ध शासकीय भूमि का उपयोग करने का सुझाव दिया गया है। इसके अलावा रामानुज क्लब से पीडब्ल्यूडी कार्यालय मोड़ तक स्थित जर्जर शासकीय आवासों की भूमि का भी समुचित उपयोग करते हुए रोड के दोनों ओर बहुउद्देशीय बहुमंजिला संयुक्त प्रशासनिक परिसर विकसित करने की योजना बनाने की बात कही गई है।
पत्र के अनुसार भूमि की उपलब्धता और विभागीय भूमि अदला-बदली से संबंधित प्रक्रिया पूरी करते हुए इस योजना को चरणबद्ध तरीके से भी लागू किया जा सकता है।
आरईएस, पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग को एक परिसर में लाने का सुझाव
राजीव गुप्ता ने निर्माण कार्यों से जुड़े आरईएस, पीडब्ल्यूडी एवं सिंचाई विभाग के संभागीय एवं अनुविभागीय कार्यालयों को भी एक स्थान पर बहुमंजिला भवनों के माध्यम से विकसित करने का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि इससे अलग-अलग स्थानों पर संचालित कार्यालय एक ही परिसर में आ सकेंगे और विभागीय समन्वय के साथ आम नागरिकों को भी सुविधा होगी।
खाली होने वाली जमीन के बेहतर उपयोग का प्रस्ताव
पत्र में यह भी सुझाव दिया गया है कि नए प्रशासनिक भवनों के निर्माण के बाद पुराने कार्यालय परिसरों के खाली होने पर उनका उपयोग अन्य आवश्यक कार्यों के लिए किया जा सकता है। इसी क्रम में पीजी कॉलेज की जमीन पर वर्तमान में संचालित जिला शिक्षा कार्यालय को स्थानांतरित कर महाविद्यालय की जमीन वापस करने तथा उद्यानिकी कार्यालय की भूमि का उपयोग व्यवस्थित सब्जी मंडी के लिए किए जाने की संभावना पर भी विचार करने की बात कही गई है।
सिविल लाइन को फिर विकसित करने की पहल
राजीव गुप्ता के अनुसार पुराने सिविल लाइन क्षेत्र को पुनः प्रशासनिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने से क्षेत्र की व्यापारिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
उन्होंने विधायक एवं कलेक्टर से उपलब्ध शासकीय भूमि का परीक्षण कराने तथा नगर के जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों से चर्चा कर सुझाव लेने के बाद इस दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है।
पत्र में कहा गया है कि संयुक्त प्रशासनिक परिसर की यह योजना बैकुण्ठपुर के लिए दीर्घकालिक रूप से उपयोगी साबित हो सकती है और इससे आम नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने के साथ प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकता है।
सादर — राजीव गुप्ता, महामंत्री, जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया


