CG BREAKING" ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर कांग्रेस का हल्लाबोल...बैकुंठपुर में विशाल विरोध मार्च, मोदी-अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन; राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन...देंखे videos?
| 📍 Chhattisgarh | 🔴 LIVE TV | 📰 E-PAPER

CG BREAKING" ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर कांग्रेस का हल्लाबोल...बैकुंठपुर में विशाल विरोध मार्च, मोदी-अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन; राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन...देंखे videos?





बैकुंठपुर/कोरिया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने कोरिया जिले के बैकुंठपुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विशाल विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन किया गया।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्टर परिसर पहुंचे, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर हस्तक्षेप की मांग की गई।


SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर उठाए सवाल

जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के नाम काटे जाने और जोड़े जाने को लेकर कई सवाल सामने आ रहे हैं। कांग्रेस ने आशंका जताई कि यदि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से बाहर होते हैं तो इससे उनके संवैधानिक मताधिकार पर असर पड़ सकता है।

कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने की मांग की। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।


ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। साथ ही उनके कार्यकाल में लिए गए निर्वाचन संबंधी निर्णयों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष समीक्षा किए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

कांग्रेस ने मांग की कि मतदाता सूची में यदि कहीं भी गड़बड़ी या अनियमितता पाई जाती है तो उसकी जांच कर पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखे जाएं तथा जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

पुतला दहन के बाद निकला विरोध मार्च

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर सड़क पर उतरे। इसके बाद पुतला दहन किया गया और विरोध मार्च के रूप में कलेक्टर परिसर तक पहुंचे।

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, संयुक्त महामंत्री वेदांती तिवारी, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पंचायत एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस ने राष्ट्रपति से पूरे मामले में आवश्यक हस्तक्षेप करते हुए निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया, पारदर्शिता और मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

स्टेट हेड संवाददाता — संतोष सिंह सूर्यवंशी

CNB LIVE NEWS | कोरिया/बैकुंठपुर

To Top