कोरिया। व्हीटीसी कॉलोनी चरचा में बंद मकान से सोने-चांदी के जेवर एवं नगदी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अपचारी बालक को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 4 लाख 92 हजार 300 रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 22-23 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात तन्मय भण्डारी के व्हीटीसी कॉलोनी स्थित मकान में चोरी हुई थी। तन्मय भण्डारी परिवार सहित अपने गृह ग्राम दुर्गापुर, आसनसोल (पश्चिम बंगाल) गए हुए थे। 23 अगस्त को पड़ोसी द्वारा घर में चोरी की सूचना दिए जाने पर वे वापस लौटे। घर पहुंचने पर दरवाजे की सांकल निकली हुई और अंदर आलमारी टूटी मिली। आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो चुके थे।
मामले में 28 अगस्त को थाना चरचा में अपराध क्रमांक 126/2026, धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना चरचा एवं साइबर सेल की टीम ने आरोपियों की पतासाजी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना के आधार पर प्रार्थी के पड़ोसी हर्षवर्धन शर्मा और एक अपचारी बालक से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
जांच में सामने आया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों को बिक्री के लिए अक्षय बसोर को दिया गया था। इसके बाद अक्षय बसोर ने जेवरात को पटना निवासी सत्येन्द्र सोनी के पास बेच दिया था। पुलिस ने इस कड़ी को जोड़ते हुए चोरी के माल की बरामदगी की।
4.92 लाख रुपये का माल बरामद
पुलिस के अनुसार, सत्येन्द्र सोनी के कब्जे से सोने की अंगूठियां, कान की बालियां, लॉकेट और पिघला हुआ सोना बरामद किया गया। इसके अलावा पिघली हुई चांदी भी बरामद की गई। बरामद सोने-चांदी की कुल कीमत करीब 4,92,300 रुपये बताई गई है।
अपचारी बालक की निशानदेही पर चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 5 हजार रुपये नगद और मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं हर्षवर्धन शर्मा के कब्जे से चोरी के रुपयों से खरीदा गया मोबाइल फोन व सिम भी जब्त किया गया। पुलिस ने शेष रकम भी बरामद की है।
ये आरोपी गिरफ्तार
1. हर्षवर्धन शर्मा, उम्र 18 वर्ष 9 माह, निवासी व्हीटीसी कॉलोनी चरचा
2. अक्षय बसोर, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम सलका, थाना बैकुंठपुर
3. सत्येन्द्र सोनी, उम्र 42 वर्ष, निवासी बाजारपारा पटना, थाना पटना
4. एक अपचारी बालक
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को 4 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
चोरी के मामले के खुलासे और चोरी के माल की बरामदगी में थाना प्रभारी निरीक्षक कृपाल सिंह गौतम, उप निरीक्षक अनिल सोनवानी, प्रधान आरक्षक शशि भूषण, राकेश भगत, आरक्षक अमित त्रिपाठी, बृजेश सिंह, प्रभुनारायण तथा साइबर सेल के आरक्षक सजल जायसवाल, अमरेशानंद, अमल कुजूर, सैनिक राजेश टांडे और विकास सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की तत्परता और समन्वित कार्रवाई से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा होने पर पुलिस ने आमजन से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
एसपी हरिश राठौर ने की आमजन से अपील
पुलिस अधीक्षक कोरिया हरिश राठौर ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि अथवा चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



