कोरिया, 23 सितंबर 2026। जिले में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा दान महाअभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है।
अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेंद्र श्रीवास, एसडीएम बैकुंठपुर उमेश कुमार पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों ने सेवा दान के लिए पंजीयन कराया है। इसी क्रम में अधिकारियों ने बच्चों के लिए खिलौने एवं अन्य उपयोगी सामग्री भी जमा कराई।
छोटी-सी वस्तु बनेगी किसी के चेहरे की बड़ी मुस्कान
‘सेवा दान महाअभियान’ का उद्देश्य घरों में ऐसी उपयोगी वस्तुओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाना है, जिनका वर्तमान में परिवार में उपयोग नहीं हो रहा है। नागरिक बच्चों के खिलौने, शैक्षणिक एवं खेल सामग्री, कहानी की किताबें, स्कूल की पाठ्यपुस्तकें, कॉपियां तथा साफ-सुथरे कपड़े दान कर सकते हैं। बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के अच्छी स्थिति वाले कपड़े भी सेवा दान में दिए जा सकते हैं।
प्रशासन का संदेश है कि सेवा के लिए बड़ी वस्तु का दान करना जरूरी नहीं है। घर में रखी छोटी-सी उपयोगी वस्तु भी किसी जरूरतमंद के लिए खुशी, सहयोग और नई उम्मीद का कारण बन सकती है।
28 सितंबर को जिला कार्यालय में जमा होगी सामग्री
जिलेवासी 28 सितंबर 2026 को जिला कार्यालय, बैकुंठपुर में अपनी दान सामग्री जमा कर सकते हैं। इच्छुक नागरिक कलेक्टर अथवा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से संपर्क कर सामग्री जमा करा सकते हैं।
1 अक्टूबर को रामानुज मिनी स्टेडियम में विशेष आयोजन
‘सेवा दान महाअभियान’ के अंतर्गत 1 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रामानुज मिनी स्टेडियम, बैकुंठपुर में विशेष सेवा दान आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जिलेवासी अपने घर की उपयोगी सामग्री लेकर पहुंचकर जरूरतमंदों की सहायता में सहभागी बन सकते हैं।
क्यूआर कोड से भी करा सकते हैं पंजीयन
अभियान में सहभागिता के लिए जिला प्रशासन द्वारा क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर दान की जाने वाली सामग्री की जानकारी दर्ज करा सकते हैं। अभियान से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9907203250 पर संपर्क किया जा सकता है।
कलेक्टर ने की सहभागिता की अपील
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा दान महाअभियान’ में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सेवा और सहयोग की भावना समाज को जोड़ती है। घर में अनुपयोगी पड़ी कोई उपयोगी वस्तु जब जरूरतमंद तक पहुंचती है, तो वह उसके लिए महत्वपूर्ण सहयोग और खुशी का माध्यम बन सकती है।
कलेक्टर ने नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, समाज प्रमुखों, साहित्यकारों, खेल संघों, व्यवसायिक संस्थाओं, विभिन्न संगठनों और परिवारों से स्वयं सेवा दान करने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी अभियान से जोड़ने की अपील की है।


