नगर की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, 10 दिन में समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
🟥 BREAKING NEWS
नगर की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल
10 दिन में समाधान नहीं हुआ तो नगर पालिका के खिलाफ होगा आंदोलन
📍 शिवपुर-चरचा, कोरिया
10 दिनों में मांगें पूरी नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन की चेतावनी।
शिवपुर-चरचा, कोरिया | ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शिवपुर-चरचा ने नगर पालिका क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपते हुए 10 दिनों के भीतर समस्याओं के निराकरण की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन एवं जनआंदोलन किया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजीत लकड़ा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि बारिश के मौसम में नगर की समस्याएं और गंभीर हो गई हैं। शहर के कई वार्डों में गंदगी फैली हुई है, नालियां जाम हैं और मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। वहीं बिजली कटौती के कारण पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। कांग्रेस ने खराब पड़े 50 से 60 पेयजल पंपों को तत्काल बदलने की मांग की है।
ज्ञापन में नगर पालिका कर्मचारियों को बारिश के दौरान कार्य करने के लिए रेनकोट उपलब्ध कराने, खराब स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत एवं आवश्यकता अनुसार नई स्ट्रीट लाइट लगाने, कर्मचारियों को नियमित वेतन भुगतान करने तथा सभी वार्डों में मच्छरनाशक दवा का नियमित छिड़काव कराने की मांग भी की गई है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि 10 दिनों के भीतर इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजीत लकड़ा, जागृत कुर्रे, अनिल सिंह, रामाधार, शोहेल अहमद, राजा चंद्रा, राजू पासवान, काजू सिंह, सुमन दुबे, श्रवण सिंह, प्रदीप राजवाड़े, मोहम्मद लाल, राजू मोदी, सावन, सागर सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

