फिटनेस और बीमा विहीन शासकीय वाहन सड़कों पर, देवगढ़ वन परिक्षेत्र पर उठे सवाल
कोरिया। आम वाहन चालकों पर यातायात नियमों का पालन कराने वाले विभागों के बीच अब वन विभाग का एक शासकीय वाहन चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि कोरिया वन मंडल के देवगढ़ वन परिक्षेत्र में संचालित विभागीय वाहन का फिटनेस प्रमाणपत्र और बीमा लंबे समय से नवीनीकृत नहीं है, इसके बावजूद वाहन लगातार सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है।
जानकारों का कहना है कि मोटरयान अधिनियम के तहत किसी भी वाहन के लिए निर्धारित दस्तावेजों का वैध होना आवश्यक है। आम नागरिक यदि फिटनेस, बीमा या अन्य जरूरी दस्तावेजों के बिना वाहन चलाते पाए जाते हैं तो उन पर कार्रवाई की जाती है। ऐसे में शासकीय वाहन के मामले में नियमों के पालन को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभागीय वाहन वर्षों से बिना आवश्यक औपचारिकताएं पूरी किए संचालित हो रहा है। यदि यह तथ्य सही है तो यह न केवल नियमों की अनदेखी है बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय है। लोगों का कहना है कि दुर्घटना की स्थिति में तीसरे पक्ष को मिलने वाले मुआवजे और जिम्मेदारी को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा है कि वाहन रखरखाव और मरम्मत के नाम पर हर वर्ष खर्च दिखाया जाता है, लेकिन दस्तावेजों के नवीनीकरण जैसे बुनियादी कार्यों पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया। इसे लेकर विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
नागरिकों ने मांग की है कि संबंधित वाहन के दस्तावेजों की जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाए तथा यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
@शोर्स - सोशल मीडिया नेटवर्क


