भाजपा ने जताया मुख्यमंत्री का आभार, प्रदेशभर में मनाया गया उत्सव
*शशी रंजन सिंह*
*सूरजपुर(सी एन बी लाइव न्यूज ब्यूरो चीफ):--*, भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने छत्तीसगढ़ के 25 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में धान खरीदी के अंतर की राशि (बोनस) के रूप में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित किए जाने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की है। किसान मोर्चा पदाधिकारियों ने इसे राज्य के इतिहास का ऐतिहासिक और किसान हित में बड़ा निर्णय बताया है।
भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री लवकेश पैकरा ने कहा कि यह निर्णय ‘मोदी की गारंटी’ को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। सरकार ने न केवल चुनाव के समय किया गया 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी का वादा निभाया है, बल्कि किसानों को धान मूल्य के अंतर की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजकर पारदर्शिता और प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी राशि बिना किसी बिचौलिए के सीधे किसानों तक पहुंचाई गई है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
किसान मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि यह निर्णय किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम है। अंतर राशि मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी, वे आगामी कृषि कार्यों की तैयारी बेहतर ढंग से कर सकेंगे और परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति भी सहजता से कर पाएंगे। होली पर्व से पहले मिली इस राशि से किसानों में उत्साह का माहौल है और उनके त्योहार की खुशियां दोगुनी हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का किसान अब आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। भाजपा सरकार ने यह सिद्ध कर दिया है कि वह जो कहती है, उसे पूरा भी करती है। यह निर्णय राज्य सरकार की किसान हितैषी नीति और अन्नदाताओं के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
इस अवसर पर बिलासपुर जिले में राज्यस्तरीय राशि अंतरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, किसान एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 146 विकासखंडों में राशि अंतरण को उत्सव के रूप में मनाया गया। किसानों ने इस पहल को अपनी मेहनत और समर्पण का सम्मान बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
भाजपा किसान मोर्चा ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार आगे भी किसानों के हित में इसी प्रकार के जनकल्याणकारी निर्णय लेती रहेगी और प्रदेश के कृषि क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
