@भारत//सेना
नॉर्थ सिक्कम में बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। भारत-चीन सीमा के पास नॉर्थ सिक्कम के जेमा में सेना का ट्रक गहरी खाई में गिर गया है। इस घटना में सेना के 16 जवानों की मौत हो गई और 4 घायल बताए जा रहे हैं। घायल जवानों को एयरलिफ्ट किया गया है। घायलों को इलाज के लिए तुंरत नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मौके पर राहत व बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।
इस घटना की भारतीय सेना ने पुष्टि करते हुए कहा कि, 'सेना के तीन वाहन सुबह जवानों को लेकर जा रहे थे। काफिला चटन से थंगू की ओर जा रहा था। जेमा के रास्ते में एक वाहन का चालक अचानक मोड़ पर खड़ी ढलान की वजह से संतुलन खो बैठा और वाहन नीचे खाई में जा गिरा। बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और 4 घायल सैनिकों को हवाई मार्ग से निकाला गया। इसमें दुर्भाग्य से तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों ने दुर्घटना में लगी चोटों के कारण दम तोड़ दिया।' सेना ने कहा कि वह इस दुख की घड़ी में में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। परिजनों की हरसंभव मदद की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, 'उत्तरी सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से गहरा दुख हुआ। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।'
पोस्टमार्टम के बाद सेना को सौंपे जाएंगे शव
सभी 16 शवों को दुर्घटनास्थल से बरामद कर लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए गंगटोक के राजकीय एसटीएनएम अस्पताल ले जाया जा रहा है। इसके बाद इन शवों को सेना को सौंप दिया जाएगा।
@सोर्स - सोसल मीडिया