
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों के पदभार समारोह में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष व खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 15 साल तक अत्याचार, भ्रष्टाचार, घोटालेबाज और कमीशनखोरी की जो सरकार रही और कमीशनखोरों के मुखिया रमन सिंह थे, इनको हम सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से उखाड़ फेंका।
कुछ दिन से रमन सिंह, धरमलाल कौशिक और विष्णुदेव साय प्रहार करने का प्रयास कर रहे हैं कि लेकिन इनके पास किसानों की कर्ज माफी, 2500 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य, बिजली बिल हाफ, गोधन न्याय योजना का कोई जवाब नहीं है। ऐसा कोई आदमी नहीं जो यह कहे कि उसे योजनाओं का लाभ नहीं मिला।
भाजपा नेता लोगों को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं देवांगन ने कार्यकर्ताओें से कहा कि लोगों की सरकार की दो साल की उपलब्धियों व भाजपाइयों की धान खरीदी को लेकर की जा रही साजिश के बारे में बताइए। अपेक्स बैंक के अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर ने कहा कि हमारी दो साल की सरकार ने इतिहास रच दिया। जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी ने आज यहां पहुंचा सैलाब बता रहा है कि बिलासपुर जिले में कांग्रेस की जड़ें किस कदर मजबूत है।
केशरवानी ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों से बूथ स्तर पर जमीनी ढंग से खुद संपर्क कर कांग्रेस की बूथ लेवल कमेटियां बनाने और उन्हें सक्रिय तथा सक्षम बनाने की अपील की। इस दौरान शहर अध्यक्ष प्रमोद नायक, अभय नारायण राय, शेख नजरूद्दीन, राजेन्द्र साहू, राजेन्द्र शुक्ला, दिलीप लहरिया, सभी ग्रामीण व शहर के ब्लाक अध्यक्ष मौजूद थे।
अटल श्रीवास्तव: संगठन से जब तपकर आदमी आता है तब वह सत्ता में आम जनता के हित के लिए काम कर पाता है। उसे आम कार्यकर्ता का दर्द महसूस होता है, उसे संघर्षों के दिन याद आते हैं, बगैर संसाधन के कैसे संगठन को चलाया जाता था।
चुन्नीलाल साहू: कांग्रेस बहुत बड़ी पार्टी है। मतभेद हो सकता है, मनभेद नहीं हो सकता। मन सभी का एक है कि 2023 में भी कांग्रेस पार्टी की सरकार बनना चाहिए। जांजगीर-चांपा व बिलासपुर जिले में आठ विधायक कांग्रेस के नहीं है। हमें अगले चुनाव में पूरे विधायक जीताकर देना है।
रश्मि सिंह: प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए भूपेश बघेल अनेक मोर्चों पर लड़ाई लड़ी। बहुत सारी बातों की परवाह न करते हुए वे आगे बढ़ते रहे। उनके कुशल नेतृत्व में आखिर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनी। संगठन हमेशा बरकरार रहे, यहीं चाहते हैं।
बैजनाथ चंद्राकर: मुख्यमंत्री ने जो सपना देखा है, उसे पूरा करने की जिम्मेदारी सभी की है। छोटी-मोटी बातें हो सकती है, लेकिन ये बड़ी बातें न बन जाएं, ये देखने की जिम्मेदारी हम सभी की है।
रामशरण यादव: मंच से सभी बढ़िया बोलते हैं लेकिन अमल नहीं करते। सभी शपथ लो कि जो बोलते हो, वहीं करो। कांग्रेस को छोड़कर कोई बात न हो। कुछ करना है तो बंद कमरे में जो करना है, सब कर लो। दो दिन शहर में सीएम रहे। साढ़े पांच सौ करोड़ के सौगात दिए लेकिन दूसरे दिन हम भूल गए।
रेत के अवैध उत्खनन पर रोक लगाएंगे: गिरीश
खनिज विभाग निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन ने छत्तीसगढ़ भवन में पत्रकारों से चर्चा में अरपा में अवैध उत्खनन पर रोक नहीं लगने के सवाल पर कहा कि वे सीएमडीसी के चेयरमैन हैं, विभाग से सीधे तौर पर नहीं जुड़े हैं। रेत के अवैध उत्खनन पर लगाम लगाने की कोशिश करेंगे। 9 माह में 11 मौतें अवैध परिवहन की वजह से हुई है, क्या रेत की चोरी करने वाले सरकार पर हावी है।
इस पर देवांगन ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है, जहां भी शिकायत आती है सरकार और विभाग काम करने को तत्पर रहता है। अरपा की धार तो कमजोर हो जाएगी, इस पर उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने देंगे। क्या बिलासपुर विधायक से बदसुलूकी के मामले का पटाक्षेप हो गया, इस पर देवांगन ने कहा कि कमेटी की रिपोर्ट आएगी, पार्टी का मामला है देखेंगे।
ब्लाक अध्यक्ष अनुशासित हों: शैलेश
बिलासपुर विधायक शैलेश पांडेय ने कहा कि ब्लॉक अध्यक्षों को बहुत अनुशासित रहते हुए अपनी सरकार की बात रखनी चाहिए। कार्यकर्ताओं को बताना चाहिए कि हमें आगे क्या करना है। ब्लॉक अध्यक्ष मजबूत कड़ी होता है।
गिरीश महापौर निवास में पार्षदों से मिले
गिरीश देवांगन ने महापौर रामशरण यादव के सरकारी आवास में पार्षद राजेश शुक्ला, अजय यादव, साई भास्कर, अब्दुल, पुष्पेंद्र साहू, श्याम पटेल, मनीष गढ़ेवाल, सुरेश टंडन, परदेसी राज आदि पार्षदों से मुलाकात की।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3q3G7Zl
https://ift.tt/3saANVX