@रायपुर//सीएनबी लाईव।।
रायपुर मे हुए सड़क हादसे ने एक युवक की जान ले ली। हादसे का शिकार युवक 12वीं का छात्र बताया जा रहा है। 7 दोस्तों के साथ पार्टी करने निकले इस युवक के सिर, जांघ और सीने में आई गहरी चोट की वजह से जान चली गई। घटना रविवार की रात करीब 12 बजे के आस-पास हुई थी। युवक जिस कार में सवार था, वो डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का इंजन 10 फीट दूर जा गिरा। हादसा राजेंद्र नगर के ओवर ब्रिज पर एक ज्वेलरी शो रूम के सामने हुआ था।
मामा के दोस्तों के साथ जश्न मनाने निकला था युवक:
इस हादसे में मारे गए युवक का नाम ऋषभ साहू था। वो सेजबहार इलाके का रहने वाला था। उसके चाचा राकेश साहू ने बताया कि पिछले तीन दिनों से बोरियाकला में वो अपने मामा के घर गया हुआ था। संडे की रात वो अपने मामा के कुछ दोस्तों के साथ निकला था तभी हमें हादसे के बारे में पता चला। गाड़ी में ऋषभ के अलावा और 6 लोग सवार थे। कार खुशवंत साहू चला रहा था। इसमें मनोज कुमार साहू, उपेंद्र साहू, दुष्यंत कुमार पटेल, मनीष साहू, देवेन्द्र निषाद भी सवार थे। यह सभी घायल हैं और पचपेड़ी नाका स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में इनका इलाज चल रहा है।
शराब के नशे में थे युवक:
सिविल लाइंस पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है। अब तक हुई जांच में यह बात सामने आई है कि युवकों की टोली बोरियाखुर्द से पचपेड़ी नाका होते हुए तेलीबांधा जा रहे थे। पुलिस को पता चला है कि सभी ने पहले मिलकर शराब पी और इसके बाद खाना खाने के लिए ढाबा जाने निकले। गाड़ी 100 से 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से डिवाइडर से टकराने की आंशका व्यक्त की जा रही है। कार के सामने के हिस्से में कुछ नहीं बचा। गाड़ी इंजन ही बाहर आ गया था। घायलों में से खुशवंत की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।