कोरिया/बैकुंठपुर, 08 जुलाई 2026। बैकुंठपुर में 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के मामले ने जिले को झकझोर दिया है। घटना के बाद पुलिस ने संबंधित आईसी मार्ट को सील कर दिया है और मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि एफएसएल टीम साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की जांच करेगी, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के सूत्रों अनुसार, छात्रा एक दिन पहले कॉस्मेटिक सामान खरीदने आई थी। मामले में आरोप है कि दुकान पर सामान और भुगतान को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद छात्रा से कथित रूप से एक कागज पर लिखवाया गया और उसकी स्कूटी अपने पास रख ली गई। बाद में स्कूटी लौटाने के बदले कथित रूप से ₹50 हजार की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
बुधवार को छात्रा ने अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, आवश्यक कार्रवाई की और जांच के तहत दुकान को सील कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल दुकान सील कर दी गई है तथा एफएसएल टीम सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
महत्वपूर्ण: इस मामले में दुकान संचालक पर लगाए गए आरोप फिलहाल कथित आरोप हैं। मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएंगे।
@सोर्स > सोशल मीडिया


