कांग्रेस पूर्व विधायक ने फड़ प्रभारी को पीटाः धान खरीदी केन्द्र जायजा लेने पहुंचे थे, कर्मचारी संघ ने जताई नाराजगी, FIR दर्ज
@संतोष सिंह सूर्यवंशी)
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पूर्व विधायक ने धान उपार्जन केन्द्र के फड़ प्रभारी की पिटाई कर दी। कांग्रेस पूर्व विधायक प्रकाश नायक अपने साथियों के साथ छिछोर उमरिया धान खरीदी केन्द्र में तौल का जायजा लेने पहुंचे थे। तौल में गड़बड़ी की बात को लेकर मारपीट की घटना हुई है। पीड़ित ने मामले में पुसौर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को हर दिन की तरह छिछोर उमरिया धान उपार्जन केन्द्र में खरीदी का काम चल रहा था। साढ़े 11 बजे पूर्व विधायक प्रकाश नायक, सुखसागर गुप्ता, बजरंग गुप्ता, रोहित पटेल, कैलाश गुप्ता, रेशम गुप्ता, उत्तम सिदार और अन्य 10-12 साथी खरीदी केंद्र पहुंचे।
किसानों के रखे धान को तौलने कहा और तौल में गड़बड़ी की बात को लेकर पूर्व विधायक प्रकाश नायक समेत उनके साथ मौजूद सहयोगियों ने फड़ प्रभारी शिशुपाल भोई के साथ मारपीट की।
संघ के पदाधिकारियों ने की लिखित शिकायत
शाम करीब छह बजे सेवा सहकारी कर्मचारी संघ के पदाधिकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।
यहां उन्होंने पूर्व विधायक प्रकाश नायक के साथ ही सुखसागर गुप्ता, बजरंग गुप्ता, रोहित पटेल, कैलाश गुप्ता, रेशम गुप्ता, उत्तम सिदार और अन्य 10-12 सहयोगियों के खिलाफ शिकायत की है। उन्होंने आवेदन में शराब के नशे में गाली-गलौच कर मारपीट करने आरोप लगाया है। एसपी को आवेदन सौंपकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
संघ बोला- पीड़ित को न्याय मिले
रायगढ़ जिला सहकारी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रामाधर गबेल ने मारपीट की घटना को दुखद बताया। धान खरीदी केन्द्र के कर्मचारी किसानों के साथ तालमेल बनाकर काम कर रहे हैं। संघ की मांग है कि पीड़ित कर्मचारी को न्याय मिले।
पूर्व विधायक बोले- मारपीट का आरोप निराधार
इस मामले में पूर्व विधायक प्रकाश नायक ने कहा कि आज वे कांग्रेस की पोल खोल योजना के तहत छिछोर उमरिया गए थे। किसानों ने शिकायत की थी कि ज्यादा धान ले रहे हैं। ऐसे में धान उर्पाजन केन्द्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 40 किलो 700 ग्राम की जगह 42, 43, 44, 59 किलो तक धान मिला।
उस गड़बड़ी के खिलाफ आवाज उठाई गई। मारपीट का जो आरोप लगाया जा रहा है, वह निराधार है। पूर्व विधायक प्रकाश नायक ने कहा कि वहां पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। मारपीट नहीं की गई है। जरूर ऊंची आवाज में बात किया था। सीसीटीवी फुटेज देख सकते हैं।
आगे की कार्रवाई की जा रही - ASP
ASP आकाश मरकाम ने बताया कि छिछोर उमरिया धान खरीदी केन्द्र के फड़ प्रभारी ने पुसौर थाना में आवेदन दिया है। फड़ प्रभारी ने कहा कि पूर्व विधायक प्रकाश नायक और 8-10 साथियों ने गाली-गलौज और मारपीट की है। सेवा सहकारी कर्मचारी संघ द्वारा भी आवेदन दिया गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
@सोर्स - सोशल मीडिया नेटवर्क
CG ब्रेकिंग "धान खरीदी केंद्र में बवाल पूर्व विधायक ने पिट दिया... मामला थाने में दर्ज... देखें?
December 16, 2024
Share to other apps