बिहार के कटिहार जिले में नौ साल की बच्ची से रेप के आरोपित को ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर बुरी तरह से पीटा। अस्पताल में इलाज के दौरान आरोपी की मौत हो गई। घटना हसनगंज थाना क्षेत्र की है।
बिहार के कटिहार जिले के हसनगंज बाजार में बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी युवक को गुरुवार की सुबह पेड़ में बांध पीट-पीटकर आक्रोशित लोगों ने मार डाला। इस मामले में हसनगंज पुलिस ने दुष्कर्म पीड़िता की मां के बयान पर मृतक के खिलाफ केस दर्ज किया है। जबकि मृतक युवक की पिता के बयान पर सात से अधिक लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया गया है।
हसनगंज बाजार में सुबह करीब 8 बजे आक्रोशित ग्रामीणों ने दुष्कर्म के आरोपी को खजूर पेड़ में रस्सी से बांधकर पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर हसनगंज पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पेड़ से बंधे युवक को जख्मी हालत में हसनगंज पीएचसी इलाज के लिए ले जाया गया। जहां से रेफर करने के बाद सदर अस्पताल ले जाने के क्रम में युवक की मौत हो गई। उसके बाद हसनगंज बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई। लोग तरह-तरह की चर्चा करने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होने पर आसपास के थाना की पुलिस को भी बुलाया गया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा कि परिजन आक्रोशित हो गये। हसनगंज बाजार में शव को रखकर हत्या के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। लोगों का कहना था कि थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर लोग युवक को बंधक बनाने के बाद उसे पेड़ में बांधकर करीब एक घंटा तक मारपीट करता रहा और पुलिस थाना में बैठी रही। समय रहते कार्रवाई होती तो युवक की मौत नहीं होती। मृतक के परिजनों का कहना है कि मृतक पर भले ही दुष्कर्म का आरोप था कार्रवाई करना पुलिस और अदालत का काम है। जाम स्थल पर पहुंच पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
@सोर्स - सोसल मीडिया