छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में दो महिलाएं नक्सलियों के लगाए स्पाइक होल में फंसकर घायल हो गईं। सर्चिंग पर पहुंचे जवानों ने दोनों महिलाओं को सुरक्षित बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया। नक्सलियों ने जवानों को निशाना बनाने के लिए स्पाइक होल लगा रखा था। फिलहाल दोनों महिलाओं की हालत ठीक है। मामला अरनपुर थाना क्षेत्र के जंगल का है।
जानकारी के मुताबिक, हिरोली गांव की रहने वाली सोनादाई हिरोली राउतपारा और पीरनार, पटेलपारा निवासी जोगी कुंजाम गुमियापाल व हिरोली के बीच जंगल में वनोपज संग्रहण के लिए गई थीं। इस दौरान दोनों नक्सलियों के खोदे गड्ढे में गिर गईं और स्पाइक होल में फंस गईं। गड्ढे में गिरते ही महिलाओं के पैरों में लोहे की छड़ घुस गई और वे उसी में फंस गईं।
पिछले कुछ दिनों के कई पशुओं की भी मौत हुई
इस दौरान सर्चिंग के लिए निकले जवानों को दोनों महिलाएं घायल हालत में फंसी हुई दिखाई दी। इस पर जवानों ने दोनों को सुरक्षित बचाया और किरंदुल के अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस अफसरों का कहना है कि नक्सलियों के स्पाइक होल, दबाव और IED के कारण ग्रामीण बहुत डरे हुए रहते हैं। पिछले कुछ दिनों में कई घरेलू पशुओं की भी मौत हुई है।