फ्लाइट की टिकट कराने वाली रायपुर की महिला गिरफ्तार... पति की भी हो रही तलाश...

फ्लाइट की टिकट कराने वाली रायपुर की महिला गिरफ्तार... पति की भी हो रही तलाश...

Avinash

डोंगरगढ़ से मानव तस्करी के मामले में पुलिस ने रायपुर की एक महिला को गिरफ्तार किया है। इसी महिला ने रायपुर से दिल्ली के लिए फ्लाइट का टिकट बुक कराया था। पुलिस ने बताया कि महिला भी आरोपियों के साथ दिल्ली गई थी, जहां से वह हरियाणा तक भी गई। मामले में महिला के पति की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी पतासाजी की जा रही है। डोंगरगढ़ टीआई अलेक्जेंडर किरो ने बताया कि रायपुर के पंडरी में रहने वाली 37 वर्षीय गंगा पाड़े का मास्टर माइंड साजदा से कनेक्शन है। साजदा के कहने पर गंगा ने ही दिल्ली के लिए फ्लाइट की टिकट एक ऑनलाइन एप से बुक की थी। गंगा ने कुल 6 लोगों के लिए टिकट किया था, जिसमें आरोपी साजदा, पीड़िता और उसके बेटे, खुद के लिए और अपनी एक बहन सहित दूसरे गिरफ्तार आरोपी के लिए भी टिकट लिया था।शेष|पेज 8


आरोपी गंगा ने पुलिस को बताया कि वह पहले भी साजदा के साथ दिल्ली ट्रेन से जा चुकी है। लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते ट्रेन की कमी और हो रही दिक्कतों को देखते हुए उन्होंने फ्लाइट का विकल्प चुना। गंगा ने बताया कि वे 11 सितंबर की शाम 7 बजे विस्तारा कंपनी के फ्लाइट से दिल्ली रवाना हुए थे।

पति की भी तलाश जारी, प्राइवेट वाहन से गए हरियाणा
पुलिस ने बताया कि मामले में गंगा पाड़े के पति सहदेव की भी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस लगातार सहदेव की पतासाजी में लगी हुई है, फिलहाल गंगा का पति सहदेव फरार है। इधर गंगा ने बताया कि उन्होंने दिल्ली पहुंचने के बाद वहां से एक प्राइवेट गाड़ी बुक की, जिससे वे हरियाणा पहुंचे थे। जहां से पीड़िता का सौदा करने वाले मुख्य दलाल सहित खरीददारों से संपर्क हुआ था।

हरियाणा में जल्द आरोपियों तक पहुंचने का दावा
टीआई किरो ने बताया कि हरियाणा में पुलिस की टीम पहुंच गई है। जहां मामले से जुड़े दूसरे आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। पीड़िता से मिली जानकारी के मुताबिक संबंधित इलाकों में छापेमारी की जा रही है। हालांकि अब तक आरोपी पकड़ से बाहर हैं। लेकिन पुलिस ने जल्द ही मामलों से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है। पूरे कारोबार से जुड़े प्रदेश के दूसरे हिस्सों के कनेक्शन भी खंगाले जा रहे हैं।



To Top