तीन महीने पुराने गैंगरेप केस के उजागर होने के बाद अब इस मामले की जांच के साथ सियासत भी शुरू हो गई है। सोमवार को कोंडागांव में भारतीय जनता पार्टी ने धरना दिया। कांकेर से भाजपा सांसद मोहन मंडावी भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हाथरस में हुए गैंगरेप की घटना बनावटी है। कांग्रेस के नेता वहीं जाते हैं। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और विधायक मोहन मरकाम और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बस्तर की घटनाओं पर ध्यान नहीं देते। यहां असल घटना हुई है।
मंडावी ने आगे कहा कि हम सीबीआई जांच की मांग करते हैं। पीड़ित परिवार को मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए। इस मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। थाना प्रभारी के कॉल रिकॉर्ड की जांच होनी चाहिए। हो सकता है कि किसी कांग्रेसी नेता ने उस पर कार्रवाई न करने का दबाव बनाया हो। प्रदेश के जिम्मेदार मंत्री शिव डहरिया ने इस प्रदेश की बलात्कार की घटना को छोटा बताया और हाथरस की घटना को बड़ा बताया। हाथरस को लेकर कांग्रेस के लोग यहां धरना दे रहे हैं, जबकि वहां के लोगों ने तो वोट भी नहीं दिया इन्हें।